धमतरी:
आगामी त्योहारों के सीजन में शहर की सड़कों पर बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए धमतरी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन में धमतरी यातायात पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़कों एवं फुटपाथों पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाना है।
इस अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने मुख्य बाजार क्षेत्रों का दौरा कर दुकानों के बाहर सड़कों और फुटपाथों पर रखी सामग्रियों एवं अन्य अवरोधों को मौके से हटवाया। इस दौरान पुलिस ने व्यापारियों और दुकानदारों को समझाइश देते हुए अपील की कि वे अपने सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और सड़कों या फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें।
एसपी भावना पांडेय के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आम जनता की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धमतरी पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







