मीडिया संवाद में दिखी प्रशासनिक कसावट और संवेदनशीलता; बोले— “अंतिम छोर के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही पहली प्राथमिकता”
शहडोल — जिले की कमान संभालते ही नवागत युवा कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं से स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि जिले में सुशासन, पारदर्शिता और विकास कार्यों में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आयोजित प्रथम संवाद कार्यक्रम में नवागत कलेक्टर का एक विजनरी और संवेदनशील रूप सामने आया, जहाँ उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए एक मजबूत रूपरेखा प्रस्तुत की।
स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में होगा धरातलीय बदलाव
युवा आईएएस अधिकारी पार्थ जायसवाल ने प्राथमिकताएं तय करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाना उनका मुख्य ध्येय है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तब तक पूरा नहीं होता, जब तक उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक न पहुंचे। विकास कार्यों की गुणवत्ता और अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) निर्माण को समय-सीमा के भीतर पूरा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
हर शुक्रवार गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन: ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर ने एक नवाचारपूर्ण कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि 07 अगस्त से ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी मैदानी क्षेत्रों के भ्रमण पर रहेंगे और ग्रामीण अंचलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से मौके पर ही जनसमस्याओं का निवारण, शिकायतों का निपटारा और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
प्रशासन और मीडिया का सकारात्मक समन्वय बदलेगा जिले की तस्वीर
मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए नवागत कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन और मीडिया का बेहतर समन्वय ही एक सशक्त समाज का निर्माण करता है। उन्होंने पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि उन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र निराकरण का भरोसा भी दिया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित जिले के तमाम पत्रकार उपस्थित रहे। नवागत युवा कलेक्टर की इस जन-उन्मुख सोच, त्वरित निर्णय क्षमता और दूरदर्शी दृष्टिकोण से जिलेवासियों में विकास की एक नई उम्मीद जागी है।
अजय पाल
