रायपुर। राजधानी रायपुर में आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और जाम-मुक्त यातायात की सुविधा प्रदान करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी और आधुनिक पहल की है। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 10 नए आधुनिक वाहनों से सुसज्जित कर मैदान में उतारा गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इन हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वाहनों को रवाना करने से पूर्व पुलिस कमिश्नर ने शहर के प्रमुख जाम प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की और अधिकारियों से जमीनी फीडबैक लिया। उन्होंने क्यूआरटी टीमों को कड़े निर्देश दिए हैं कि यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचें और स्थिति को सामान्य बनाएं। ये सभी वाहन आधुनिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों से लैस हैं, जो जाम, सड़क दुर्घटना या अन्य किसी भी आपातकालीन बाधा से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी, नागरिक कर सकते हैं संपर्क
यातायात पुलिस रायपुर ने जनता से भी इस व्यवस्था में भागीदार बनने की अपील की है। शहर में कहीं भी जाम की स्थिति दिखने पर नागरिक तत्काल यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर सूचना दे सकते हैं, जिसके बाद निकटतम क्यूआरटी टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण शुभारंभ के अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती अर्चना झा शामिल थे। इसके साथ ही सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) श्री सुरेंद्र साय पैकरा, श्री रमेश येरेवार, श्री सतीश ठाकुर, श्रीमती सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के समस्त थाना प्रभारी और अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

