मैरिज पोर्टल के जरिए महिलाओं को शिकार बनाने वाले दो अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार, नशीला पदार्थ खिलाकर की थी लाखों की चोरी
रायपुर:
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत खम्हारडीह थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर झांसा देकर एक महिला को नशीला पदार्थ खिलाने और बेहोश कर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी समेटकर फरार होने वाले दो शातिर अंतर्राज्यीय आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वैवाहिक वेबसाइट Jeevansathi.com के जरिए महिलाओं को जाल में फंसाते थे।
जन्मदिन पार्टी के बहाने घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
खम्हारडीह निवासी प्रार्थिया की पहचान करीब चार महीने पहले इस पोर्टल के माध्यम से अभिनव सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। दोनों लगातार फोन पर संपर्क में थे। बीते १५ मई २०२६ को आरोपी अभिनव सिंह ने प्रार्थिया को उसके जन्मदिन की पार्टी के बहाने मिलने की बात कही और दोपहर में उसके घर पहुंच गया। घर पर साथ में भोजन करते समय आरोपी ने चिकन ठीक से न पकने का बहाना बनाकर उसे दोबारा पकाया और उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया। जहरीला भोजन खाते ही प्रार्थिया बेहोश हो गई। अगले दिन सुबह जब महिला को होश आया, तो उसके गले की सोने की चेन, दो अंगूठियां और अलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे, साथ ही अभिनव सिंह भी फरार था। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक १५९/२६ के तहत धारा ३०५(ए) और ३१८(४) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में दो राज्यों में दी गई दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। प्रशिक्षु आईपीएस और खम्हारडीह थाना प्रभारी सुश्री मानसी नानाभाउ साकोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मैरिज प्रोफाइल की जांच करते हुए आरोपियों का सुराग लगाया।
पुलिस टीम ने जाल बिछाकर सह-आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार से दबोचा। उससे मिली जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी रायपुर आए थे, जिसमें हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर ही रुका रहा जबकि अभिनव सिंह ने वारदात को अंजाम दिया।
फर्जी पहचान और १०० से अधिक महिलाओं से संपर्क का खुलासा
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर अपनी पहचान छुपाता था। उसने पिछले एक महीने के भीतर ही Jeevansathi.com के जरिए करीब १०० महिलाओं से संपर्क साधा था, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी ने अलग-अलग राज्यों में इस तरह की करीब आधा दर्जन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। अभिनव सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है; वह वर्ष २०२४ में दिल्ली के अशोक विहार, २०२६ में पार्लियामेंट हाउस क्षेत्र में धोखाधड़ी व चोरी के मामलों में तथा उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
कीमती सामान बरामद, पुलिस की आम जनता से अपील
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ५७,००० रुपये नकद, २ तोला सोने के जेवरात, १ चांदी का ब्रेसलेट और ५ मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ४,२१,५०० रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिनव सिंह उर्फ पहलवान (उम्र ३७ वर्ष, निवासी होशियारपुर, पंजाब; हाल मुकाम छतरपुर, दिल्ली) और हितिन नरूला (उम्र ४८ वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर, ईस्ट दिल्ली) शामिल हैं।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी महिला के साथ इस तरह की धोखाधड़ी या घटना घटित हुई हो, तो वे तुरंत रायपुर पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-91099
पर संपर्क कर जानकारी दे सकती हैं।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply