पहले से जब्त खैर को तस्कर उठा ले गए, वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

उमरिया —जिले में खैर तस्करी का खेल अब एक नए और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया है क्योंकि घुनघुटी में खैर तस्करी के बाद अब मालाचुआ वन चौकी से व्यापक स्तर पर खैर पार होने और पहले से जब्त करके रखी गई खैर ही चोरी हो जाने की चर्चा ने पूरे वन विभाग की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है और बताया जा रहा है कि वन विभाग ने अवैध कटाई के मामले में खैर की लकड़ी जब्त कर मालाचुआ वन चौकी परिसर में रखी थी लेकिन तस्करों ने उसी जब्त खैर को चौकी से ही उठा लिया और फरार हो गए, यह कोई मामूली चोरी नहीं है बल्कि विभाग की लापरवाही, कमजोर निगरानी और मिलीभगत की आशंका को उजागर करने वाली घटना है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस चौकी में वन विभाग की जब्त लकड़ी सुरक्षित होनी चाहिए थी वहां से ही खैर कैसे चोरी हो गई, क्या चौकी पर रात में कोई पहरा नहीं था, क्या जब्त माल की कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी और क्या विभाग को सिर्फ कागजों में ही सुरक्षा करना आता है, घटना स्थल में भी साफ दिख रहा है कि मालाचुआ परिक्षेत्र सहायक वन नाका का भवन जर्जर हालत में है, बैरियर ऊपर उठा हुआ है और परिसर पूरी तरह असुरक्षित नजर आ रहा है, ऐसे में जब्त माल की चोरी होना कोई आश्चर्य की बात नहीं लग रही बल्कि यह तो होना ही था क्योंकि जब नाका ही खुला पड़ा हो, भवन ही टूटा पड़ा हो और निगरानी ही न हो तो तस्कर क्यों नहीं आएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि खैर से कत्था बनता है जिसकी बाजार में भारी मांग है यही कारण है कि तस्कर हर कीमत पर खैर हासिल करना चाहते हैं, पहले वे जंगल से खैर काटते थे अब जब्त खैर को भी नहीं छोड़ रहे हैं और विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। अब लोग पूछ रहे हैं कि जब्त खैर चौकी में कितनी थी इसका रिकॉर्ड कहां है, चोरी कब हुई और किसने देखी, चौकी प्रभारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई या नहीं और क्या यह चोरी है या फिर मिलीभगत का खेल, क्योंकि बिना अंदर की जानकारी के चौकी से ही माल उठा ले जाना संभव ही नहीं लगता। यह मामला सिर्फ खैर चोरी का नहीं है बल्कि वन विभाग की पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल है क्योंकि अगर चौकी में रखा जब्त माल ही सुरक्षित नहीं है तो जंगल की सुरक्षा कैसे होगी, विभाग बड़े-बड़े दावे करता है, गश्त की बात करता है, सुरक्षा की बात करता है लेकिन जमीन पर हकीकत यह है कि उसकी अपनी चौकी ही सुरक्षित नहीं है, इसलिए लोगों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, चौकी के कर्मचारियों से पूछताछ की जाए और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाए साथ ही जब्त माल की सुरक्षा के लिए चौकी परिसर में पुख्ता व्यवस्था की जाए क्योंकि जब रक्षक की चौकी से ही माल चोरी हो जाए और व्यापक स्तर पर खैर पार हो जाए तो जनता का भरोसा किस पर रहेगा और जंगल को कौन बचाएगा।

अजय पाल

Comments are closed.

Exit mobile version