शहडोल। -वनमण्डल दक्षिण शहडोल की वनमण्डलाधिकारी (DFO) श्रद्धा पन्द्रे (IFS) के निर्देशन में गश्त पर निकले वन विभाग के दल पर रेत माफिया और अज्ञात तत्वों द्वारा हमला, रेकी और शासकीय वाहन को टक्कर मारने के गंभीर मामले सामने आए हैं।
पहली घटना बुधवार, 17 जून 2026 को तड़के 04:25 बजे सिंहपुर रोड गणेश मंदिर के पास हुई। रात्रि गश्त से लौट रहे वनरक्षक रामकिशोर वैगा और एक अन्य ग्रामीण सुरेश कुमार वैगा पर दो अज्ञात बदमाशों ने माचिस मांगने के बहाने गला दबोचकर हमला कर दिया और बाइक से घसीटने का प्रयास किया। इस संबंध में सिटी कोतवाली में प्राथमिकी (FIR नं. 0255) दर्ज कराई गई है।
दूसरी घटना में, नरसरहा डिपो से निकलते समय रेत माफिया विजय प्रजापति (निवासी पुरानी बस्ती) ने वन विभाग के शासकीय वाहन (MP02ZA0932) की रेकी की। इसके बाद छतवई-पटासी मार्ग पर एक संदिग्ध ऑल्टो कार (MP18ZA9542) ने वन विभाग की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और फरार हो गई। डायल 112 को सूचना देने के बाद जब टीम बिजौरी पहुंची, तो वहां अवैध रेत से लदे 3-4 ट्रैक्टर भागते दिखे और कुछ असामाजिक तत्वों ने वन विभाग की टीम को घेरने का प्रयास किया। इस मामले की रिपोर्ट सोहागपुर थाने में दर्ज कराई जा रही है।
अवैध रेत से लदा ट्रैक्टर जब्त
इन हमलों के बावजूद वन विभाग की कार्रवाई जारी रही। केशवाही परिक्षेत्र के करोड़ नाला के पास टीम ने अवैध रेत से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना दस्तावेज के पकड़ा। वाहन मालिक द्वारा कोई वैध कागजात पेश न करने पर ट्रैक्टर को जब्त कर केशवाही परिक्षेत्र परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
अजय पाल
