13.90 करोड़ के निर्माण कार्य प्रचलित, 4 करोड़ से अधिक के कार्य पूर्ण; नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन पर प्रशासन का जोर
नीमच | शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक आस्था केंद्र महामाया मां भादवामाता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में मंदिर परिसर में चरणबद्ध एवं सुनियोजित रूप से निर्माण और उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में उज्जैन संभाग आयुक्त द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विधि-विधान से घट स्थापना कर मां भादवामाता की पूजा-अर्चना की तथा मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने की घट स्थापना, जिले की सुख-समृद्धि की कामना
शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मां भादवामाता मंदिर में विधि-विधान से घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास भी उपस्थित रहे। सभी ने मां के दर्शन कर महाआरती में सहभागिता की। इस अवसर पर मंदिर के शिखर पर ध्वजा भी चढ़ाई गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया।
मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण, सुगम दर्शन के निर्देश
घट स्थापना के पश्चात कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों, दर्शन व्यवस्था और निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए प्रवेश एवं निर्गम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेले में पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, रियायती दर पर भोजन और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था रहे। दिव्यांग एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने और मंदिर तक आने वाले मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
5 करोड़ के विकास कार्यों को मिली प्रशासकीय स्वीकृति
भादवामाता मंदिर के समग्र विकास के लिए उज्जैन संभाग आयुक्त द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इनमें दुकानों का आधुनिकीकरण, सावन रोड पर वाहन पार्किंग, लैंडस्केपिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं स्क्रीन सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। स्वीकृत कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त मंदिर के शिखर एवं गर्भगृह निर्माण, लोक परिसर तथा अन्य विकास कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए प्रेषित किए गए हैं। इन कार्यों को स्वीकृति प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।
13.90 करोड़ के निर्माण कार्य प्रचलित
मंदिर परिसर में वर्तमान में 13.90 करोड़ रुपये की लागत के निर्माण कार्य प्रचलित हैं। इनमें मुख्य मंदिर के सामने हॉल निर्माण, मंदिर के प्रवेश द्वार एवं बाईं ओर पाथवे निर्माण तथा विश्रांति भवन-1 और कॉरिडोर का निर्माण शामिल है। इन कार्यों का उद्देश्य मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करना और आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
4 करोड़ से अधिक के कार्य पूर्ण
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में 4 करोड़ रुपये से अधिक लागत के निर्माण एवं विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इनमें नवीन प्रसादालय, सत्संग भवन, श्रद्धा भवन तथा नवीन प्रसादालय पर 85 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल की स्थापना शामिल है। इसके साथ ही बस स्टैंड से पिपलियारावजी रोड तक सीसी रोड एवं दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य भी पूरा हो चुका है।
मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध है मां भादवामाता मंदिर
नीमच जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर ग्राम भादवामाता में स्थित महामाया मां भादवामाता मंदिर मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध है। शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, पार्किंग, आवागमन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को विकास कार्यों में प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर एसडीएम नीमच पराग जैन, सीएसपी किरण चौहान, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच
