सतना मध्य प्रदेश
पुलिस अधीक्षक महोदय श्री हंसराज सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रेमलाल कुर्वे के दिशा-निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, चित्रकूट राजेश सिंह बंजारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चित्रकूट निरीक्षक नीलेश तिवारी के नेतृत्व में थाना चित्रकूट पुलिस द्वारा महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22.08.2026 को फरियादिया श्रीमती पुष्पा देवी पति मिथलेश कुमार पटेल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम पालदेव (नौबस्ता), थाना चित्रकूट, जिला सतना द्वारा थाना चित्रकूट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने मायके ग्राम टेढ़ी पुराना खेर से अपने ससुराल ग्राम पालदेव (नौबस्ता) जा रही थी।
लगभग शाम 03:00 बजे गुप्त गोदावरी के पास पहुंचने पर पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए और फरियादिया के आगे मोटरसाइकिल रोककर उसका रास्ता रोक लिया। दोनों युवकों द्वारा उसके आभूषण देने की मांग की गई तथा भय के कारण फरियादिया के गले में पहना सोने के लॉकेट वाला मंगलसूत्र खींचकर छीन लिया गया। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से ग्राम भगड़ा, भैरम बाबा की ओर भागने लगे।
फरियादिया द्वारा शोर मचाने पर ग्राम भगड़ा के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया तथा डायल-112 पर सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर थाना चित्रकूट लाई गई। फरियादिया द्वारा आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर UP78CZ2963 भी बताया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया—
1. आदेश कुमार पाण्डेय, पुत्र स्व. राजकुमार पाण्डेय, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पुनाहुर, थाना बिसण्डा, जिला बांदा, उत्तर प्रदेश।
2. सौरभ चन्द्र गौतम, पिता दिनेश कुमार गौतम, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम गौतमपुर, थाना अतर्रा, जिला बांदा, उत्तर प्रदेश।
आपराधिक पृष्ठभूमि
पुलिस द्वारा आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी संबंधित अभिलेखों से प्राप्त की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी आदेश कुमार पाण्डेय के विरुद्ध उत्तर प्रदेश में पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। वह पूर्व के कुछ गंभीर आपराधिक प्रकरणों में वांछित रहा है।
इसी प्रकार दूसरे आरोपी सौरभ चन्द्र गौतम के संबंध में भी उत्तर प्रदेश में बाइक चोरी के प्रकरण में वांछित होने की जानकारी प्राप्त हुई है। दोनों आरोपियों के संबंध में उत्तर प्रदेश के संबंधित थाना क्षेत्रों से आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई एवं बरामदगी
थाना चित्रकूट पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से फरियादिया से लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद कर जप्त किया गया है।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में अन्य तथ्यों, संभावित आपराधिक गतिविधियों एवं आरोपियों के संबंध में विवेचना एवं सत्यापन की कार्रवाई जारी है।
प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना






