महिला की जघन्य हत्या और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: अवैध संबंध के संदेह में की थी वारदात, 35 हजार का इनाम था घोषित
अम्बिकापुर/चिरमिरी: सरगुजा पुलिस ने रिंग रोड स्थित सद्भावना चौक के पास एक महिला की जघन्य हत्या और दुष्कर्म के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम छोटू उर्फ मिथुन उर्फ राम सिंह (30 वर्ष), निवासी सूरजपुर है। पुलिस महानिरीक्षक (IG) सरगुजा रेंज श्री दीपक झा (भा.पु.से.) ने आरोपी पर 30 हजार रुपये और डीआईजी व एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने 5 हजार रुपये, यानी कुल 35 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
घटनाक्रम के अनुसार, 3 अप्रैल को सद्भावना चौक स्थित एक झाला में अज्ञात महिला का लहूलुहान शव मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल मौके का मुआयना किया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली एवं साइबर सेल की 4 टीमों का गठन किया। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और परिजनों की शिनाख्त के आधार पर आरोपी की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतिका पिछले कई वर्षों से साथ रहकर मजदूरी और कचरा बीनने का काम करते थे। आरोपी को शक था कि महिला के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। इसी रंजिश में 2 अप्रैल की रात शराब पीने के बाद उसने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया और फिर मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पैदल ही रेलवे पटरी के रास्ते बिश्रामपुर पहुँचा, जहाँ से ट्रेन द्वारा नागपुर और फिर चिरमिरी भाग गया।
आरोपी की तलाश में सरगुजा रेंज के सभी जिलों को अलर्ट किया गया था। इस बीच चिरमिरी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपनी बीमार मां से मिलने अस्पताल परिसर आया है, जहां थाना प्रभारी चिरमिरी के नेतृत्व में टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। सरगुजा पुलिस ने आरोपी के पास से घटना के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
इस महत्वपूर्ण सफलता में कोतवाली थाना प्रभारी शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, और चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह सहित उनकी टीमों की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







