महासमुंद पुलिस की कार्रवाई, 27.590 किलो गांजा के साथ राजस्थान के 4 तस्कर गिरफ्तार।

ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की कार्रवाई, गांजा और मोबाइल सहित 14.05 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।

महासमुंद, 24 अक्टूबर 2026। महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27.590 किलोग्राम गांजा के साथ राजस्थान निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जब्त गांजे की कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 25 हजार 500 रुपये है, भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 14 लाख 5 हजार रुपये है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चार व्यक्ति पिट्ठू बैग में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर चार संदिग्धों को रोका।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान रणछोड़ पटेल (28), प्रवीण कुमार पटेल (24), संजय सिंह (25) और नारायण वाराडी (46), सभी निवासी पिनवाड़ा, जिला सिरोही, राजस्थान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पिट्ठू बैग से 27.590 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के फूलबानी, जिला कंधमाल से गुजरात के अहमदाबाद ले जाने की बात बताई। पुलिस ने गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम की भूमिका रही।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version