​महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रॉयल ओमान पुलिस ने मस्कट में गिरफ्तार कर लिया है। चंद्राकर पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए अवैध रूप से ओमान में प्रवेश करने का गंभीर आरोप है, जिसके बाद उसे वहां के हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। यह कार्रवाई भारतीय एजेंसियों द्वारा जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर की गई है।

​लंबे समय से यूएई (UAE) में रह रहा चंद्राकर साल 2019 से फरार चल रहा था। इससे पहले साल 2024 में उसे दुबई में भी हिरासत और हाउस अरेस्ट में लिया गया था, लेकिन तब भारत सरकार की प्रत्यर्पण कोशिशें सफल नहीं हो सकी थीं। हाल ही में इंटरपोल की एक विशेष समिति (CCF) ने चंद्राकर की उस याचिका को भी खारिज कर दिया, जिसमें उसने भारत में अपने खिलाफ चल रहे मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए रेड नोटिस हटाने की मांग की थी। इंटरपोल ने साफ किया कि यह मामला पूरी तरह से वित्तीय अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है।

​अधिकारियों का मानना है कि फर्जी पासपोर्ट के जरिए ओमान भागना प्रत्यर्पण प्रक्रिया को अटकाने की एक सोची-समझी चाल हो सकती है, क्योंकि ओमान के कानून के तहत फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल करने पर 3 से 5 साल तक की कैद का प्रावधान है। फिलहाल, चंद्राकर ने मस्कट में वकीलों की एक टीम तैनात की है, वहीं भारत सरकार उसे जल्द से जल्द वापस लाने के लिए औपचारिक प्रत्यर्पण दस्तावेजों को अंतिम रूप देने में जुटी है ताकि ईडी और सीबीआई की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।

रिपोर्ट: ‘मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply