ग्राम इटावा स्थित श्री पूर्वमुखी हनुमान महादेव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा।
तराना बाजार से चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद।
आरोपी ने दोनों वारदातें करना स्वीकार किया।
उज्जैन पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना तराना पुलिस ने ग्राम इटावा स्थित श्री पूर्वमुखी हनुमान महादेव मंदिर में हुई चोरी तथा तराना बाजार से मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सम्पूर्ण माल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 07.07.2026 को फरियादी समभाव पिता तकेसिंह पाटीदार, निवासी ग्राम इटावा, की रिपोर्ट पर थाना तराना में अपराध क्रमांक 440/2026 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। फरियादी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर से पूजा-अर्चना में प्रयुक्त पीतल एवं तांबे के धार्मिक बर्तन, जलाधारी घड़ा, पूजा की थालियां एवं अन्य पूजन सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹20,000 थी, चोरी कर ली गई थी।
इसी प्रकार दिनांक 05.07.2026 को फरियादी गोपाल पिता नारायणसिंह यादव, निवासी ग्राम पाचारुण्डी, जिला आगर-मालवा की रिपोर्ट पर थाना तराना में अपराध क्रमांक 434/2026 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात आरोपी द्वारा मोटरसाइकिल क्रमांक MP-42-MF-1880 (बजाज डिस्कवर) चोरी किए जाने का प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना तराना पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भगवानसिंह पिता नारायणसिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बरोठिया, थाना माकड़ोन, जिला उज्जैन को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ग्राम इटावा स्थित श्री पूर्वमुखी हनुमान महादेव मंदिर से जलाधारी घड़ा, तांबे-पीतल की पूजा थालियां एवं अन्य धार्मिक सामग्री चोरी करना तथा तराना बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा यह भी बताया गया कि चोरी गया कुछ मशरूका पूर्व में थाना लालघाटी, जिला शाजापुर के एक प्रकरण में जप्त हो चुका है। थाना तराना पुलिस द्वारा शाजापुर पुलिस से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार सम्पूर्ण मशरूका बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी –
भगवानसिंह पिता नारायणसिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बरोठिया, थाना माकड़ोन, जिला उज्जैन।
सराहनीय भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामनारायणसिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक गोकुलसिंह मंडोत, सहायक उपनिरीक्षक आनंदसिंह झाला, आरक्षक 2001 अभिषेक एवं आरक्षक 1821 आनंद की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
उज्जैन से जिला ब्यूरो रिंकू सोगानी







