धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले महिला समेत दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, भानपुरी निवासी मनीष साहू की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों आरोपियों ने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए उसे पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा दिया। विश्वास में लेने के लिए आरोपी उसे महानदी भवन मंत्रालय के बाहर भी लेकर गए और आवास की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई।

इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से प्रार्थी से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। साथ ही दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए। ठगी का पता चलने पर रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये लौटाए, जबकि शेष रकम हड़प ली।

शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, मकान या शासकीय योजना दिलाने के नाम पर किसी अनाधिकृत व्यक्ति को रकम न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version