रायपुर/कबीरधाम, 11 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में स्थित प्रसिद्ध भोरमदेव अभ्यारण्य में प्रकृति संरक्षण और इको-टूरिज्म को एक ऐतिहासिक पहचान मिली है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने जंगल सफारी में ‘वन महोत्सव’ के साथ-साथ रोमांचक ‘भोरमदेव इको ट्रेल’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस खास मौके पर उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ स्वयं घने जंगलों के बीच करीब 6 किलोमीटर लंबी प्राकृतिक ट्रेल का पैदल भ्रमण कर जैव विविधता और नैसर्गिक सुंदरता का अनुभव किया।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगी नई ताकत
भ्रमण के उपरांत उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि पर्यटन दुनिया में सबसे तेजी से रोजगार देने वाला क्षेत्र है। भोरमदेव में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से होटल, परिवहन, खान-पान और हस्तशिल्प जैसे स्थानीय व्यवसायों को भारी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने रेखांकित किया कि इस पहल से स्थानीय युवाओं के लिए नेचर गाइड और अन्य रूपों में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। श्री शर्मा ने स्थानीय निवासियों से इस प्राकृतिक धरोहर को अपनी संपत्ति मानकर इसकी सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने की भावुक अपील भी की।
स्वदेश दर्शन योजना से संवरेगा भोरमदेव
क्षेत्र के कायाकल्प की जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘स्वदेश दर्शन योजना’ के तहत भोरमदेव क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 146 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस भव्य बजट से मुख्य प्रवेश द्वार, संग्रहालय, आधुनिक पार्क, मेला स्थल के साथ-साथ ऐतिहासिक छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूआ और सरोदा बांध जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण और बैगा समुदाय का कल्याण
वन महोत्सव के इस पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने करिया आमा ग्राम में 51 ‘काला आम’ के पौधों का रोपण कर ‘काला आम उपवन’ की नींव रखी। इसके साथ ही जिले में 50 हजार सीड बॉल के रोपण तथा एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत करते हुए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाई। सामाजिक सरोकार को निभाते हुए कार्यक्रम में बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट प्रदान किए गए।
हर वीकेंड रोमांच का सफर: मात्र 1000 रुपए में सुरक्षित वन भ्रमण
वन मंडलाधिकारी (DFO) श्री निखिल अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह 6 किलोमीटर लंबी इको ट्रेल करियामा गेट स्थित भोरमदेव इको कैंप से हर शनिवार और रविवार को आयोजित की जाएगी। लगभग 3 से 4 घंटे के इस सफर में पर्यटक प्रशिक्षित नेचर गाइड की देखरेख में दुर्लभ पेड़-पौधों, औषधीय वनस्पतियों, रंग-बिरंगी तितलियों, पक्षियों और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। इस अद्वितीय अनुभव के लिए प्रति व्यक्ति शुल्क 1,000 रुपए निर्धारित किया गया है।
गरमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक आयोजन में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेषर पटेल, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य श्री भगत पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू और जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही डॉ. वीरेन्द्र साहू, पूर्व विधायक श्री सियाराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष पटेल, श्री मनीराम साहू, श्री रामकिंकर वर्मा, श्री राम कुमार मेरावी, श्री लोकचंद साहू, पुलिस अधीक्षक (SP) श्री धर्मेन्द्र सिंह तथा डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जन इस वन उत्सव के साक्षी बने।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







