बालाघाट-  दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं शहडोल जिला प्रभारी अजय सुखदेव ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री लाल सिंह आर्य से उनके दिल्ली स्थित निवास पर मुलाकात की।

 

दिल्ली पहुंचने के बाद अजय सुखदेव ने सर्वप्रथम भाजपा कार्यालय पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जबलपुर नगर जिला प्रभारी शंकर चौधरी के साथ लाल सिंह आर्य से मुलाकात की।

 

इस दौरान अजय सुखदेव एवं शंकर चौधरी ने लाल सिंह आर्य को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का नया दायित्व मिलने पर बधाई दी और गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। मुलाकात के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

अजय सुखदेव ने कहा कि शहडोल जिले में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा को और अधिक मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य को विश्वास दिलाया कि आगामी समय में शहडोल जिले में मोर्चे का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा जाएगा और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

 

रिपोर्ट – पुलिसवाला ब्यूरो

Leave A Reply