संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में 132 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, राज्य स्तरीय टीम में जिले के 5 खिलाड़ी चयनित
गरियाबंद। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गरियाबंद के इंडोर स्टेडियम में आयोजित संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद, धमतरी एवं बलौदाबाजार जिलों से पहुंचे 132 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, जुझारूपन और खेल भावना का परिचय देते हुए मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए रायपुर संभाग की टीम का चयन किया गया। इसमें गरियाबंद जिले के 5 होनहार खिलाड़ियों ने स्थान बनाकर जिले का मान बढ़ाया।
गरियाबंद के चयनित खिलाड़ी
19 वर्ष बालक
राहुल निर्मलकर — स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद
19 वर्ष बालिका
रश्मि — शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गरियाबंद
सावित्री — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पौड
17 वर्ष बालिका
पद्मिनी साहू — एंजेल एंगलो स्कूल, गरियाबंद
14 वर्ष बालक
कुशाग्र सोम — एंजेल एंगलो स्कूल, गरियाबंद
14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 24 से 27 सितंबर तक राजनांदगांव में तथा 17 एवं 19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 23 से 26 अक्टूबर तक सरगुजा में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, सहायक जिला सांख्यिकीय अधिकारी श्याम कुमार चंद्राकर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में ब्लॉक नोडल संजीव साहू, रजनी भाया, गिरीश शर्मा, नितिन एच. बखारिया सहित आयोजन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गरियाबंद के पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय टीम में चयन जिले के लिए गौरव का विषय है। अब इन खिलाड़ियों की नजर राज्य मंच पर शानदार प्रदर्शन कर गरियाबंद और रायपुर संभाग का परचम लहराने पर है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
