बलौदाबाजार
विपरीत परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की रक्षा करने वाले कसडोल पुलिस और डायल 112 के जांबाज अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) श्री ओ.पी. शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह की उपस्थिति में इन वीर जवानों को प्रशस्ति पत्र सौंपकर उनका हौसला बढ़ाया। हाल ही में इन पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए जिले में कई लोगों की जिंदगी बचाई है, जिसकी हर तरफ जमकर सराहना हो रही है।
सम्मानित होने वालों में मातागढ़ तुरतुरिया की उफनती बालमदेही नदी में आई अचानक बाढ़ से 200 से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने वाली रेस्क्यू टीम प्रमुख रही। इस साहसिक अभियान को अंजाम देने के लिए कसडोल थाने के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक (PSI) श्री रूपेश चंद्रा व श्री उमेश टंडन, डायल 112 के आरक्षक मनोज पैकरा, वाहन चालक नेतराम पटेल और निजी वाहन चालक राजा उर्फ टिकेश्वर यादव को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही, ग्राम खम्हरिया रिसदा में तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच सर्पदंश की शिकार हुई एक 15 वर्षीय मासूम बच्ची को समय पर अस्पताल पहुंचाकर नया जीवन देने वाले डायल 112 के आरक्षक अनिल कुमार साहू और वाहन चालक खगेश मानिकपुरी को भी एसपी ने उनके सेवा भाव के लिए पुरस्कृत किया। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं के ‘गोल्डन आवर’ में तत्परता दिखाते हुए गंभीर घायलों को तत्काल अस्पताल शिफ्ट करने वाले डायल 112 (बाज-1) के आरक्षक आशुतोष बंजारे एवं वाहन चालक केशव साहू को भी उनकी उत्कृष्ट व त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा ने जवानों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि संकट और खराब मौसम के बीच हमारे जवानों ने जिस मुस्तैदी और आपसी सामंजस्य से काम लिया, वह वाकई मिसाल है और पूरी पुलिस टीम को इन पर गर्व है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








