बस्तर के विकास को रफ्तार देने मैदान में उतरे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए कड़े निर्देश
रायपुर/बस्तर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं का सघन निरीक्षण किया। बस्तर और पूरे प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे 308 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 11.38 किलोमीटर लंबे केशकाल घाट फोरलेन बायपास रुट का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। इस बायपास के अंतर्गत दो वृहद और दो मध्यम पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे बस्तर की ओर आवाजाही सुगम होगी। इसके साथ ही उन्होंने केशकाल से सलना तक सड़क मजबूतीकरण कार्य और बेड़मा गांव में जल जीवन मिशन के ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रवास के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री ने कोण्डागांव में 104 करोड़ रुपये की लागत वाली मिशन अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कोसारटेडा बांध से पानी लाने के लिए बनाए जा रहे 9 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) और दो ओवरहेड टैंकों का निरीक्षण किया, जिसका 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके बाद उन्होंने कोपाबेड़ा में तालाब सौंदर्यीकरण, शिव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण, कोण्डागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी और चिखलपुट्टी में नवनिर्मित बस स्टैंड का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को विशेष तौर पर हिदायत दी कि निर्माणाधीन सड़कों और पुलों के कारण आगामी बरसात के मौसम में आम जनता को आवाजाही में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इसी कड़ी में श्री अरुण साव ने जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के तहत चल रहे शहरी विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पावर हाउस चौक स्थित इंटेक-वेल व फिल्टर प्लांट सहित महारानी वार्ड में 101 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नयामुंडा फिल्टर प्लांट का जायजा लिया और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पीजी कॉलेज धरमपुरा में 11 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बन रहे 500 सीटर आधुनिक नालंदा परिसर के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने छत्रपति शिवाजी वार्ड के पण्डरीतरई तालाब और गंगामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण व गहरीकरण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन तालाबों के संरक्षण से शहर के जलस्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
समस्त निरीक्षण कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला सक्रिय रूप से मौजूद रहा, जिनमें मुख्य रूप से सांसद श्री महेश कश्यप, विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, जगदलपुर महापौर श्री संजय पाण्डेय, कोण्डागांव नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल व उपाध्यक्ष श्री जसकेतू उसेंडी, कोण्डागांव कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना, बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण शामिल थे।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
