2029 तक नशा मुक्त भारत का संकल्प, नशे के कारोबारियों की अवैध संपत्तियां भी होंगी जब्त।
रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 तक देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प का स्वागत करते हुए कहा कि जिस दृढ़ इच्छाशक्ति से बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में सफलता मिली है, उसी तरह देश को भी नशा मुक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। अब नशे के कारोबारियों की गिरफ्तारी के साथ उनकी अवैध संपत्तियां भी जब्त की जा रही हैं, ताकि अपराधी जेल से छूटने के बाद भी नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति का लाभ न उठा सकें।
अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2022 से 2026 तक छत्तीसगढ़ में 4960 प्रकरणों में 1,20,520 किलोग्राम से अधिक गांजे सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों को नष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
रिपोर्टर:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़





