विधिक साक्षरता के साथ पर्यावरण संरक्षण की पहल, नव्या सेतु ग्रुप के सहयोग से गांव-गांव चल रहा अभियान
ढीमरखेड़ा। पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने की पहल अब गांवों के स्कूलों तक पहुंच रही है। इसी क्रम में 24 सितंबर को पदमा पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल, बनगवां के परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश पूर्व तिवारी की उपस्थिति में पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में नव्या सेतु ग्रुप के अध्यक्ष अंकित शर्मा का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन के लिए जरूरी हैं। कोरोना काल में शुद्ध ऑक्सीजन की जरूरत ने पर्यावरण और वृक्षों के महत्व को और स्पष्ट किया था। ऐसे में आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना जरूरी है।
स्कूलों में पौधरोपण के साथ जागरूकता
नव्या सेतु ग्रुप द्वारा गांव-गांव के स्कूलों में आयोजित विधिक साक्षरता शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ पौधरोपण की पहल भी की जा रही है। अभियान के तहत स्कूल परिसरों में पौधे लगाए जा रहे हैं और विद्यार्थियों व शिक्षकों को उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक उनकी जिम्मेदारी से देखभाल करने का संदेश दिया गया। आयोजन में स्कूल के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा कटनी







