बड़ी कार्रवाई: जांजगीर-चांपा में 3 प्रसिद्ध मंदिरों का ताला तोड़कर 16.60 लाख की चोरी करने वाले गिरोह का 48 घंटे में पर्दाफाश
जांजगीर-चांपा। जिले के तीन अलग-अलग मंदिरों में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सायबर टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से महज 48 घंटे के भीतर चोरी की गुत्थी सुलझा ली गई है। मामले में पुलिस ने 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के पास से 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, दान पेटी, नकदी समेत चोरी में इस्तेमाल कटर मशीन और बाइक शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई है।
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने पर मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय स्वयं मौके पर पहुंचे और विशेष टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जांचे। फुटेज में घटना के समय एक संदिग्ध बाइक पर 4 लोग नजर आए। सायबर तकनीक और जमीनी सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को चिह्नांकित कर दबिश दी। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वे भारी कर्ज में डूबे हुए थे, जिसके चलते उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी।
इन 3 मंदिरों में दिया था घटना को अंजाम
आरोपियों ने 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात जिले के तीन मंदिरों को निशाना बनाया था:
रामजानकी मंदिर (बम्हनीडीह): यहाँ से 2 नग चांदी के छत्र चोरी हुए थे।
चंडी दाई मंदिर (ग्राम महंत, नवागढ़): यहाँ से देवी मां के 9 चांदी के मुकुट, सोने के जेवर और दान पेटी पार कर दी गई थी।
बद्री विशाल मंदिर (ग्राम जगमहंत, नवागढ़): यहाँ से 1 चांदी का छत्र चोरी हुआ था।
आरोपियों ने चोरी का सारा सामान आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
प्रभात पटेल (18 वर्ष 2 माह), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
(साथ ही 01 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है।)
इस अंधी चोरी का त्वरित खुलासा करने में सायबर सेल निरीक्षक भास्कर शर्मा, नवागढ़ थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय, बम्हनीडीह थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप सिंह एवं उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







