डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
नल-जल योजना, अमृत सरोवर, स्टॉप डैम और सीसी रोड समेत कई निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप
शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़खेरा में कराए गए विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम के निवासी हरप्रसाद उरैती ने संबंधित कार्यों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर डिंडौरी, जिला पंचायत डिंडौरी एवं एसडीएम शहपुरा को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम पंचायत में नल-जल योजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन, उपयोग की गई सामग्री तथा किए गए भुगतान की तकनीकी और वित्तीय जांच कराई जानी चाहिए। इसके अलावा जल परिवहन कार्य, जल गंगा संवर्धन योजना के अंतर्गत घोघरा नाला विस्तार, रिचार्ज पिट निर्माण तथा लुकनी नाला अमृत सरोवर निर्माण कार्यों में भी अनियमितताओं की आशंका व्यक्त की गई है।
शिकायत में शोहन परस्ते के घर से संतोष परस्ते के घर तक निर्मित सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता और स्वीकृत राशि के उपयोग की जांच की मांग भी की गई है। वहीं घोघरा नाला बड़खेरा, भरद्वारा तथा जमहरिया नाला में निर्मित स्टॉप डैम कार्यों की भी जांच कराने की मांग उठाई गई है।
हरप्रसाद उरैती का कहना है कि यदि जांच के दौरान वित्तीय अनियमितता अथवा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आती हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से सभी संबंधित कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
इनका कहना है
“मैंने ग्राम पंचायत बड़खेरा में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों की जांच के लिए एसडीएम शहपुरा, जिला पंचायत एवं कलेक्टर महोदया को शिकायत दी है। निष्पक्ष जांच होने पर वास्तविक स्थिति सामने आएगी।”
– हरप्रसाद उरैती, शिकायतकर्ता ग्रामीण







