कटनी/स्लीमनाबाद। जिले की ग्राम पंचायत बंधी स्टेशन (स्लीमनाबाद रोड स्टेशन) में वर्षों से फैले अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार प्रशासन द्वारा नाप-जोख और नोटिस जारी किए गए, लेकिन आज तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमण की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, बंधी स्टेशन से मटवारा मोड़ तक सड़क किनारे बड़े पैमाने पर अतिक्रमण है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर मील के पत्थरों तक पर अतिक्रमण कर स्थायी निर्माण कर लिए गए हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई भी प्रभावित हुई है।
हनुमान मंदिर के आसपास भी कथित रूप से अवैध कब्जे कर व्यापारिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे जाने की बात कही गई है। संगठन का आरोप है कि प्रशासन नोटिस जारी करने तक ही सीमित रह जाता है, जबकि जमीनी स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बस स्टैंड, बाजार, मंदिर परिसर एवं मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मंदिर परिसर को अतिक्रमण से मुक्त कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस वाला न्यूज कटनी से नवीन पांडे की रिपोर्ट







