डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
फोर्टीफाइड चावल और नमक को लेकर विक्रेताओं को दिया गया प्रशिक्षण
ग्रामीणों में फैली भ्रांतियां दूर करने एवं पोषण जागरूकता बढ़ाने पर जोर
शहपुरा। फोर्टीफाइड खाद्य पदार्थों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण उपभोक्ताओं में फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत शहपुरा के सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा के निर्देशन में फोर्टीफाइड परियोजना के अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों के लिए आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में न्यूट्रीशन इंटरनेशनल एवं एमपीवीएचए के संभागीय समन्वयक पवन मुदगल ने खाद्य फोर्टिफिकेशन परियोजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डबल फोर्टीफाइड नमक एवं फोर्टीफाइड चावल कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान एनीमिया के कारण, उसके लक्षण तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही डबल फोर्टीफाइड नमक और फोर्टीफाइड चावल की विशेषताओं एवं स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि डबल फोर्टीफाइड नमक में दिखाई देने वाले काले दाने आयरन युक्त होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। वहीं फोर्टीफाइड चावल के दाने चावल के आटे में आयरन, फोलिक एसिड एवं विटामिन-बी12 मिलाकर तैयार किए जाते हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित किए जाने वाले चावल में लगभग 100 दानों पर एक फोर्टीफाइड दाना मिश्रित किया जाता है, जिससे पोषण स्तर में वृद्धि होती है।
सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी ने सभी उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं को फोर्टीफाइड नमक एवं चावल के लाभों के बारे में जागरूक करें तथा उनके मन में मौजूद भ्रांतियों को दूर करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड शहपुरा की शासकीय उचित मूल्य दुकानों के लगभग 60 विक्रेताओं ने भाग लिया।
