शाहडोल। जिले की जयसिंहनगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए एक सनसनीखेज अंधी हत्या के मामले का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। अंधविश्वास के चलते एक वृद्ध महिला की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
अंधविश्वास में की गई थी निर्मम हत्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06.07.2026 को ग्राम कनाड़ीकला के पतेरा टोला निवासी फरियादी महेंद्र यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी माता गेंडा बाई यादव की किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी है। शव कनाड़ीकला स्थित बड़ादेव के समीप कुलहड़िया नदी की धार में लहूलुहान अवस्था में मिला था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक्टिव हुई टीम
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) शाहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने तत्काल जयसिंहनगर पुलिस को विशेष निर्देश जारी कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम को सक्रिय किया।
पुलिस कप्तान के मार्गदर्शन और एसडीओपी (SDOP) ब्योहारी ऋषभ चारी के कुशल नेतृत्व में थाना प्रभारी जयसिंहनगर निरीक्षक अजय कुमार बैगा एवं उनकी टीम ने तत्परता से जांच शुरू की। मौखिक, परिस्थितिजन्य और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद से पुलिस ने संदेही अनिल यादव (22 वर्ष) और सुनील यादव (25 वर्ष) निवासी ग्राम कनाड़ीखुर्द को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने उगला राज
आला-कत्ल बरामद
सटीक और पेशेवर पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सके और उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों को मृतिका पर जादू-टोना करने का अंधविश्वास और भ्रम था, जिसके कारण उनकी मां लगातार अस्वस्थ रहती थी। इसी रंजिश के चलते दोनों ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचकर कुलहड़िया नदी के पास कुल्हाड़ी लेकर घात लगाई और वृद्ध महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जयसिंहनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल आरोपियों को दबोचा, बल्कि उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त आला-कत्ल (कुल्हाड़ी) और मोबाइल फोन भी विधिवत जब्त कर लिए हैं।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम:
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार बैगा, सउनि. सुरेश अहिरवार, सउनि. प्रमोद अहिरवार, प्र.आर. रुस्तम सिंह, आर. नीरज शुक्ला, आर. अंकित यादव, आर. ऋषिकांत मिश्रा, म.आर. खुशबू लोधी और शाहडोल साइबर सेल टीम की अत्यंत सराहनीय एवं उत्कृष्ट भूमिका रही। पुलिस की इस तेजतर्रार कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम जनता में कानून के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
अजय पाल







