चार साल की बच्ची को अपहरणकर्ता के चंगुल से कुछ घंटे में महाराष्ट्र से कराया सकुशल मुक्त।
रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की वेस्ट जोन पुलिस ने चार साल की बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी अमृत पाल सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस आयुक्त डॉ. सजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कामले के निर्देश पर गंभीर मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन श्री राबिन्सन गुरिया एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्री ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना सरस्वती नगर पुलिस ने टीम गठित कर बच्ची की तलाश शुरू की।
05 अक्टूबर को बच्ची के परिजनों ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी चार वर्षीय बच्ची को अमृत पाल सिंह नामक व्यक्ति अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं आरोपी के संभावित लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल महाराष्ट्र रवाना हुई और साकोली पुलिस एवं मौदा पुलिस को भी सूचना दी गई।
लगातार की गई खोजबीन के दौरान आरोपी को मौदा टोल प्लाजा के पास बच्ची के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्ची को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की। आरोपी अमृत पाल सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी अमृतसर पंजाब, हाल मुकाम कबीर नगर रायपुर, को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में मौदा पुलिस एवं साकोली पुलिस महाराष्ट्र के साथ सउनि सुशील शुक्ला, पीएसआई अजय सोनी, प्र.आर. संजय सिंह, आरक्षक सुरजित सिंह सेंगर, आरक्षक ज्ञानचंद साहू तथा क्राइम यूनिट से सउनि परिहार एवं राकेश पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







