पन्ना
पन्ना में विश्व की सबसे बूढ़ी हथिनी ‘वत्सला दादी मां’ की भव्य प्रतिमा का अनावरण
पन्ना, 13 सितंबर 2026
गणेश चतुर्थी पर्व की पूर्व संध्या पर पन्ना टाइगर रिजर्व के अकोला गेट पर विश्व की सबसे बूढ़ी हथिनी वत्सला की स्मृति में स्थापित प्रतिमा का गरिमामय अनावरण किया गया।
इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे।
वन विभाग की ओर से पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, वनमंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना, उप संचालक, सहायक संचालक पन्ना, परिक्षेत्र अधिकारी सहित वन अमला इस अवसर पर उपस्थित रहा।
जे.के. सीमेंट का विशेष योगदान
वत्सला के इस स्टेचू की स्थापना में जे.के. सीमेंट, अमानगंज की विशेष और महत्वपूर्ण भूमिका रही। कंपनी के अधिकारीगण भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।
अनावरण अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर द्वारा विधि-विधान से वत्सला की पूजा-अर्चना कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वत्सला दादी मां की स्मृति चिरस्थायी
उल्लेखनीय है कि वत्सला को विश्व की सबसे बूढ़ी हथिनी माना जाता था। उनका जन्म लगभग वर्ष 1917 में केरल के नीलांबुर जंगलों में हुआ था। इसके बाद वे पन्ना आईं और पन्ना की भौगोलिक परिस्थितियों एवं उबड़-खाबड़ पथरीली जमीन पर उन्होंने अपना लंबा जीवन व्यतीत किया।
वत्सला ने अपने सम्पूर्ण जीवन में कभी किसी नर हाथी के साथ मेटिंग नहीं की, लेकिन उन्होंने दूसरी हथिनियों के बच्चों का लालन-पालन अत्यंत स्नेह और वात्सल्य के साथ किया। उनके इसी प्रेमपूर्ण और ममतामयी स्वभाव के कारण वन्यजीव प्रेमी और पन्ना के स्थानीय लोग उन्हें आदर और स्नेह से *’दादी मां’* कहकर पुकारते थे।
वत्सला दादी मां की इन्हीं स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए अकोला गेट पर इस प्रतिमा को स्थापित किया गया है।
रिपोर्ट संदीप चतुर्वेदी
