पन्ना/अमानगंज
आरोपी के कब्जे से 04 किलो 164 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (गाँजा) कीमती करीब 02 लाख रूपये का जप्त
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में थाना अमानगंज पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 04 किलो 164 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (सूखा गाँजा) जप्त किया गया है । आरोपी के विरुद्ध थाना अमानगंज में NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन, विक्रय एवं भण्डारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान तथा संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर पुलिस टीमों का गठन किया गया है । थाना स्तर पर गठित पुलिस टीमो द्वारा अपने अपने थाना क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है ।
इसी तारतम्य में दिनांक 31 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी अमानगंज को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति बायपास अमानगंज तिराहा पवई रोड से पैदल अमानगंज तरफ आ रहा जो प्रिंटिड सफेद रंग की शर्ट एवं काले रंग का जीन्स पहने है पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई । मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के उचित दिशा-निर्देशन में थाना स्तर पर गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये मुखबिर के बताये स्थान पर पहुँचकर उक्त हुलिया अनुसार दिखने वाले संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित किया गया । पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा । पुलिस टीम द्वारा पहले आवाज लगाकर उक्त व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन वह नही रूको तो पुलिस टीम द्वारा तत्परता पूर्वक घेराबंदी की जाकर संदेही को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया । पुलिस टीम द्वारा नाम पता पूँछे जाने पर संदेही द्वारा अपना नाम पता बताया गया । पुलिस टीम द्वारा संदेही की तलाशी लिये जाने पर उक्त संदेही व्यक्ति के कब्जे से 04 किलो 164 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (सूखा गाँजा) बरामद हुआ जिसे पुलिस टीम द्वारा विधिवत जप्त किया गया । मामले में आरोपी के विरूद्ध थाना अमानगंज में अपराध क्रमांक 475/26 धारा 8/20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया । जिसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है । प्रकरण में अवैध मादक पदार्थ के स्रोत एवं इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत जानकारी हेतु विवेचना जारी है।
रिपोर्ट संदीप चतुर्वेदी
