पटवारी हड़ताल से किसान, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की बढ़ी परेशानी, कर्मचारियों की मांगों पर सरकार की चुप्पी से बढ़ रहा आक्रोश

गरियाबंद। प्रदेश में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों और पटवारियों के विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्रवाई को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का आक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है। फेडरेशन ने आक्रोश रैली निकालकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम कलेक्टर गरियाबंद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा और शासन की कर्मचारी विरोधी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दो सूत्रीय मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

फेडरेशन ने राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन के दौरान पटवारियों पर की गई कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने तथा लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर महाराणा के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों को लंबे समय तक अनदेखा करना शासन और प्रशासन के प्रति असंतोष को बढ़ावा दे रहा है।

पटवारियों की हड़ताल का असर केवल राजस्व विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि किसान अपनी जमीन संबंधी कार्यों, सीमांकन, नामांतरण, अभिलेखों और विभिन्न प्रमाणपत्रों के लिए परेशान हो रहे हैं। वहीं छात्र-छात्राओं को जाति, निवास एवं आय प्रमाणपत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के लिए भटकना पड़ रहा है। आम नागरिकों के जरूरी सरकारी कार्य प्रभावित होने से जनजीवन में असुविधा बढ़ रही है। ऐसे हालात में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह कर्मचारियों की मांगों का समाधान निकालकर जनता को राहत दे, न कि टकराव की स्थिति को लंबा खींचे।

फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका अहम है। कर्मचारियों की मांगों पर संवाद और संवेदनशीलता के बजाय दंडात्मक कार्रवाई अपनाना समस्या का समाधान नहीं, बल्कि असंतोष को और गहरा करने वाला कदम है।

आक्रोश रैली में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक एम.आर. खान, महासचिव बसंत त्रिवेदी, सचिव सुनील यादव, जिला अध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ गुलशन यदु, मनोज खरे, राजपत्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष आर.के. तलवारे, नीलांबर पटेल, शिक्षक फेडरेशन जिला अध्यक्ष मिश्रीलाल तारक, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष आर.के. ध्रुव, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष खिलेंद्र साहू, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष डी.के. पड़ोती, पशु चिकित्सक संघ से उमाशंकर साहू, प्राचार्य संघ से प्रेम ध्रुव, अनूप महादिक सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, पटवारी एवं सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।

कर्मचारियों का संदेश स्पष्ट है—मांगों की अनदेखी और दंडात्मक कार्रवाई से समाधान नहीं निकलेगा। सरकार को कर्मचारी हितों, किसानों की परेशानी और विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल सकारात्मक पहल करनी होगी, अन्यथा आंदोलन का दायरा और व्यापक होने की चेतावनी दी गई है।

रिपोर्ट नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version