नीमच मनासा (निप्र)। विशेष जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश प्रजापति ने मादक पदार्थ (डोडाचूरा) की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही न्यायालय ने दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है।
अभियोजन से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 अगस्त 2019 की है। आरोपी प्रहलाद सिंह उर्फ पप्पू पिता हरिसिंह सोंधिया और कन्हैयालाल उर्फ कृष्णा पिता प्रभूलाल नायक (दोनों निवासी लासुडीतंवर) एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर दो कट्टों में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरकर ले जा रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर मनासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया था। इस मामले में मनासा थाने पर अपराध क्रमांक 352/19 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/15, 25 और 29 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना के बाद चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया (सत्र प्रकरण क्रमांक 16/19)
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से न्यायालय के समक्ष 15 महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। पैरवी कर रहे अधिवक्ता प्रेमसुख पाटीदार के तर्कों और साक्ष्यों से सहमत होते हुए न्यायाधीश ने दोनों आरोपियों को दोषी माना और उक्त सजा सुनाई।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

