​रायपुर: राजधानी के थाना पुरानी बस्ती के अंतर्गत आने वाले न्यायालय परिसर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पुराने मामले की पेशी के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 के एक पुराने प्रकरण में राहुल सोनी, रविन्द्र देवांगन और द्रिवेश देवांगन की न्यायालय में पेशी निर्धारित थी। इस दौरान आरोपी द्रिवेश देवांगन ने अपने मौसेरे भाई राहुल सोनी को ठीक से गवाही देने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने राहुल को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया, जिसके कारण राहुल का सिर दीवार के कोने से टकरा गया और वह चोटिल हो गया।
​घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी द्रिवेश देवांगन को हिरासत में ले लिया। वहीं, घायल राहुल सोनी को तुरंत आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
​पुलिस ने भ्रामक खबरों का किया खंडन
​इस घटना को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चाकूबाजी की खबरें तेजी से प्रसारित होने लगीं, जिस पर पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर चल रही चाकू से हमले की सूचना पूरी तरह से तथ्यहीन और भ्रामक है; प्रारंभिक जांच में चाकूबाजी जैसी किसी भी बात की पुष्टि नहीं हुई है।
​इसके साथ ही पुलिस ने यह भी साफ किया है कि दोनों पक्ष न्यायालय में अपनी-अपनी पेशी के लिए स्वयं उपस्थित हुए थे, उन्हें पुलिस अभिरक्षा में पेशी के लिए नहीं लाया गया था। फिलहाल, पुलिस द्वारा मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply