नीमच में सुनील अहीर को कथित रूप से एनडीपीएस प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर नारायणी सेना अहीर यादव यदुवंशी समाज ने मोर्चा खोलते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम धनेरिया कला निवासी सुनील पिता प्रेमचंद अहीर के परिवार का आरोप है कि ब्यावर-मसूदा पुलिस से जुड़े कुछ लोग गांव पहुंचे और सुनील का नाम 9 किलो अफीम के मामले में जोड़ने की धमकी दी। परिवार के अनुसार, फोन पर भी मिलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों का दावा है कि उनके पास कॉल रिकॉर्डिंग और पूर्व बातचीत के साक्ष्य मौजूद हैं।
इसी मामले को लेकर बड़ी संख्या में समाजजन नारेबाजी करते हुए नीमच एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने बघाना थाने पहुंचकर थाना प्रभारी पुष्पा चौहान को भी ज्ञापन दिया।
ज्ञापन के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित व्यक्तियों की पहचान और आरोप सही पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच
