मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में भोपाल में संपन्न हुआ कैट मध्यप्रदेश का भव्य शपथ ग्रहण समारोह

समृद्धि कलश भेंट कर 55 जिलों के जिला अध्यक्षों ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन

नीमच/भोपाल। मध्यप्रदेश के व्यापारिक संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) का भव्य प्रदेश स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह 18 नवंबर 2026 को राजधानी भोपाल में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश के सभी 55 जिलों के जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ ली।

इस ऐतिहासिक आयोजन में नीमच कैट जिला अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए सक्रिय सहभागिता की। उनके साथ नीमच कैट टीम के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर व्यापारी एकता एवं संगठन की मजबूती का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल, कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

55 जिलों की मिट्टी से साकार हुआ समृद्धि कलश अभियान

समारोह का विशेष आकर्षण कैट का ‘समृद्धि कलश अभियान’ रहा। इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों के व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्र एवं बाजारों की मिट्टी एकत्रित कर समृद्धि कलश तैयार किए।

इस अवसर पर सभी 55 जिलों के जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने कलश के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पुष्प भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। नीमच जिले की ओर से भी ललित अग्रवाल ने कलश के माध्यम से जिले के व्यापारी समाज की भावनाओं और सहभागिता का प्रतिनिधित्व किया।

यह अनूठी पहल प्रदेश के व्यापारियों की एकजुटता, अपने बाजारों के प्रति सम्मान और समृद्ध मध्यप्रदेश के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनी।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन के नेतृत्व में कैट का मजबूत संगठनात्मक विस्तार

कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन के कुशल नेतृत्व एवं निरंतर प्रयासों से संगठन ने प्रदेश के 55 जिलों तक अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। प्रदेशभर के व्यापारियों को एक मंच पर जोड़ने और उनके हितों की आवाज बुलंद करने की दिशा में उनके प्रयास सराहनीय हैं।

ललित अग्रवाल ने कहा – व्यापारी एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत

इस अवसर पर नीमच कैट जिला अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने कहा कि भोपाल में आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह केवल पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के व्यापारी समाज की एकता, शक्ति और सामूहिक संकल्प का ऐतिहासिक अवसर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन के नेतृत्व में कैट ने प्रदेश के 55 जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यह संगठन की मेहनत, समर्पण और व्यापारी समाज के विश्वास का परिणाम है।

ललित अग्रवाल ने कहा कि नीमच कैट टीम भी प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, व्यापारियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करने तथा व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में कैट सरकार और व्यापारी समाज के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर प्रदेश के व्यापारिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नीमच कैट टीम की रही सहभागिता

इस गौरवपूर्ण आयोजन में नीमच कैट टीम की ओर से संरक्षक दर्शन सिंह गांधी, जिला अध्यक्ष ललित अग्रवाल, जिला महामंत्री सुशील गट्टानी, जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, जिला प्रवक्ता प्रियेश अग्रवाल एवं प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी प्रशांत गोयल उपस्थित रहे।

नीमच कैट जिला अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन एवं समस्त प्रदेश नेतृत्व को सफल एवं भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समृद्ध व्यापारी – समृद्ध मध्यप्रदेश – सशक्त भारत।

भोपाल में आयोजित यह ऐतिहासिक समारोह प्रदेश के व्यापारी समाज में नई ऊर्जा, संगठनात्मक मजबूती और एकजुट होकर व्यापारी हितों के लिए कार्य करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

Leave A Reply

Exit mobile version