डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
भू-अर्जन, फार्मर रजिस्ट्री, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
डिंडौरी, 05 अक्टूबर 2026।
तहसील कार्यालय शहपुरा में सोमवार को एसडीएम फरहान इरफान जमादार के निर्देशन में साप्ताहिक राजस्व समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने भू-अर्जन प्रकरण, फार्मर रजिस्ट्री पंजीयन, आधार-खसरा लिंकिंग, भू-राजस्व संग्रहण सहित राजस्व न्यायालय में लंबित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वामित्व योजना के पंजीयन एवं निष्पादन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी, एलआर लिंक एवं सेल्फ रजिस्ट्रेशन से संबंधित सत्यापन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने मैदानी अमले को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इसके अलावा राजस्व वसूली, सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने कहा कि राजस्व संबंधी शिकायतों और आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में तहसीलदार शहपुरा आर.पी. मार्को सहित समस्त राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी उपस्थित रहे।







