ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस को मिली सफलता, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

कटनी। अपनों से बिछड़ी एक नाबालिग बालिका की ढाई साल बाद सकुशल घर वापसी से परिवार के चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़वारा पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए मंदसौर से बालिका को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

मामले के अनुसार, 10 फरवरी 2024 को बालिका के परिजनों ने थाना बड़वारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/24, धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई और लगातार संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जाती रही।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से तलाश अभियान जारी रखा। आखिरकार पुलिस के सतत प्रयास रंग लाए और 20 नवंबर 2026 को बालिका को मंदसौर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद बेटी को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

बालिका की दस्तयाबी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सउनि मोनेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, महिला आरक्षक रुपाली यादव एवं साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की विशेष भूमिका रही।

पुलिसवाला न्यूज़ | जिला रिपोर्टर जितेंद्र मिश्रा

Leave A Reply