*नशे के सौदागरों पर शहडोल पुलिस का बड़ा प्रहार: ब्यौहारी में 12.70 लाख का गांजा जब्त, ब्रेजा कार छोड़कर भागे तस्कर*
ब्यौहारी (शहडोल)।नशे के काले कारोबार के खिलाफ शहडोल पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, ब्यौहारी थाना पुलिस ने 1 क्विंटल 27 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 12 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
*घेराबंदी देख जंगल में भागे आरोपी, कार से मिलीं 4 बोरियाँ*
मिली जानकारी के अनुसार, 27 जून 2026 को ब्यौहारी पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक सफेद रंग की विटारा ब्रेजा कार (क्रमांक CG 13 AA 7494) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर मानपुर की ओर से ब्यौहारी आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने ब्यौहारी-मानपुर रोड पर फॉरेस्ट हाउस के पास घेराबंदी की।
पुलिस की गाड़ी को दूर से ही देखकर शातिर आरोपी घबरा गए और अपनी कार को रास्ते में ही छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। जब पुलिस टीम ने लावारिस कार की तलाशी ली, तो उसके भीतर से काले रंग की 4 बड़ी बोरियां बरामद हुईं। बोरियों को खोलने पर उनमें गांजे के छोटे-छोटे पैकेट मिले। तौल कराने पर कुल वजन 1 क्विंटल 27 किलोग्राम निकला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 NDPS ACT के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
*सराहनीय भूमिका:*
इस बड़ी कामयाबी में अति. पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान एवं एसडीओपी श्री मुकेश आविद्रा के मार्गदर्शन में ब्यौहारी थाना प्रभारी (निरीक्षक) जियाउल हक, उपनिरीक्षक बालकरण प्रजापति, प्रधान आरक्षक हीरा सिंह, नरेंद्र उपाध्याय और आरक्षक गंगा सागर गुप्ता, रामजी गौतम, पंकज, विवेक सूर्या, ऋषभ शुक्ला व शंकर सिंह की अत्यंत सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की है।
*अजय पाल*
