धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध नशीली दवाइयों, मादक पदार्थों, गांजा और अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कुरुद पुलिस ने नशीली कैप्सूल की अवैध बिक्री के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 988 नग नशीले कैप्सूल, 2,050 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 27,243 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उमरदा विशाखापटनम ओवरब्रिज के पास कुछ लोग नशीली कैप्सूल की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर कुरुद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को नशीली कैप्सूल की बिक्री करते हुए पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक कोसिरिया, पिता निरंजन कोसिरिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी गांधी चौक कुरुद, जिला धमतरी, एवं पंकज पटेल, पिता कृष्णा पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी उमरदा, कुरुद, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के कब्जे से 613 नग नशीले कैप्सूल, जिसकी कीमत 4,904 रुपये बताई गई है, बिक्री की 1,050 रुपये नगदी और 10,000 रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकरण में कुल 15,954 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 315/2026, धारा 22(क), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इसी क्रम में कुरुद पुलिस ने ग्राम भरदा ओवरब्रिज के नीचे चाय दुकान के पास भी दबिश दी। यहां एक युवक को नशीली कैप्सूल की अवैध बिक्री करते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन साहू, पिता महेन्द्र साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा, थाना कुरुद, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
गुलशन साहू के कब्जे से 375 नग नशीले कैप्सूल, जिसकी कीमत 4,289 रुपये बताई गई है, बिक्री की 1,000 रुपये नगदी और करीब 6,000 रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस मामले में कुल 11,289 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 316/2026, धारा 22(ख), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दोनों मामलों में कुरुद पुलिस ने कुल 988 नग नशीले कैप्सूल, 2,050 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 27,243 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशीले कैप्सूल ग्राहकों को 100 रुपये प्रति नग की दर से बेचते थे। इस आधार पर जब्त 988 कैप्सूल की अनुमानित बाजार कीमत 98,800 रुपये आंकी ग
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। धमतरी पुलिस द्वारा नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़






