शहडोल |-नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा आज ‘नमस्ते दिवस (NAMASTE Day)’ के अवसर पर एक विशेष सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के NAMASTE अभियान के अंतर्गत नगर पालिका सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता मित्रों के सम्मान, सुरक्षा और उनके लिए एक गरिमापूर्ण कार्य वातावरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में, स्वच्छता कार्य से जुड़े 31 स्वच्छता मित्रों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय सम्मान किया गया। इसके साथ ही, उनके सुरक्षित कार्य संपादन के लिए उन्हें सुरक्षा किट (Safety Kit) वितरित की गई। यह वितरण नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) निशांत सिंह ठाकुर, पार्षद सुगंधिता सराफ एवं अन्य पार्षदगण के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।

स्वच्छता मित्र नगर की रीढ़:अध्यक्ष
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने स्वच्छता मित्रों की सराहना करते हुए कहा:
”स्वच्छता मित्र हमारे नगर की स्वच्छता व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। उनके समर्पण, कठिन परिश्रम और अटूट सेवा भावना के कारण ही आज शहडोल स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बना हुआ है। स्वच्छता मित्रों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक गरिमा सुनिश्चित करना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके हितों की रक्षा और कल्याण के लिए हम हरसंभव प्रयास जारी रखेंगे।”
मैनुअल स्कैवेंजिंग का पूर्ण उन्मूलन है लक्ष्य: सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि NAMASTE अभियान का मुख्य ध्येय स्वच्छता मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, सीवर एवं सेप्टिक टैंक की पूरी तरह से यांत्रिक (Mechanised) सफाई को बढ़ावा देना तथा मैनुअल स्कैवेंजिंग का पूर्ण उन्मूलन करना है। उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मियों से सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने तथा निर्धारित मानकों का पालन करते हुए ही कार्य करने की अपील की।
सुरक्षा और स्वास्थ्य पर दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, व्यक्तिगत सुरक्षा (PPE) के महत्व, कार्यस्थल पर बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
ये रहे उपस्थित:
इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रभात पांडे, संजीव प्रताप सिंह, संजू पटेल, विनय केवट सहित नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मोतीलाल सिंह, अनिल महोबिया, पुनीत त्रिपाठी, सत्यकाम मिश्रा तथा बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनप्रतितिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता मित्रों के सम्मान, उनकी सुरक्षा व गरिमा सुनिश्चित करने तथा शहडोल को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में अपना निरंतर योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।
अजय पाल






