नगर के विकास कार्य में बाधा डाल रहे असामाजिक तत्व
मामला नगर पालिका परिषद पसान अंतर्गत बन रहे मंगल भवन का
कोतमा-नगर पालिका परिषद पसान द्वारा नगर के विकास के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्यों में असामाजिक तत्वों द्वारा बाधा डालने का मामला सामने आया है। मामला परिषद द्वारा भालूमाड़ा में बनवाए जा रहे मंगल भवन निर्माण कार्य से जुड़ा है।
नगर पालिका परिषद पसान द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए मंगल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को सामाजिक, धार्मिक और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए एक सस्ती और सुलभ जगह मिलेगी। लेकिन बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर निर्माण कार्य में रुकावट पैदा की जा रही है।
नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह का कहना है कि मंगल भवन जैसे सार्वजनिक हित के कार्य में बाधा डालना नगर के विकास को रोकने जैसा है।इसके बावजूद कुछ लोग अफवाह फैलाकर और मौके पर विवाद कर कार्य को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
नगर पालिका परिषद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिषद ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नगर के विकास में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
वहीं क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मंगल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और इसमें बाधा डाल रहे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नगर का विकास निर्बाध रूप से हो सके।
रिपोर्टर दिनेश केवट
अनुपपुर
