नकली जेवर खपाकर असली चांदी ठगने वाले अंतर्राज्यीय ठग दुर्ग में गिरफ्तार
दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में नकली पायल देकर असली चांदी ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजेश साहू और प्रदीप श्रीवास्तव (दोनों निवासी मध्य प्रदेश) ने गया नगर स्थित महावीर ज्वेलर्स में दुकानदार आशीष जैन को झांसा देकर पुराने नकली जेवरों के बदले नई चांदी की पायल ले ली थी।
दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी और आधार कार्ड के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। इनके कब्जे से ठगी गई पायल और रसीद बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि जेवरों के लेन-देन के समय पूरी सावधानी और सत्यापन अवश्य करें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
