धमतरी में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

मराठा पारा और बांसपारा में आधी रात मचाया था उत्पात, 06 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई, चाकू और डंडे जब्त।

धमतरी। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने मराठा पारा और बांसपारा क्षेत्र में देर रात हथियारों के साथ उत्पात मचाकर दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, प्रकरण में संलिप्त 06 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा और बांसपारा क्षेत्र में पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों ने लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियारों के साथ मोहल्लेवासियों से अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा घरों के दरवाजों और दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर भय का माहौल पैदा किया।

वार्डवासी की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय के निर्देशन एवं सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी कर पूछताछ की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन, उम्र 19 वर्ष, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

चाकू, डंडे और कपड़े जब्त।

पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। प्रकरण में तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। वहीं, 06 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन, मारपीट, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव।
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।

Leave A Reply

Exit mobile version