अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया मुजगहन हत्याकांड का खुलासा, चाकू और डंडे से किया था हमला।
धमतरी। मुजगहन में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या और दूसरे को घायल करने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान आरोपियों ने दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के, लकड़ी के डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। विकास साहू का उपचार जारी है।
मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष), सभी निवासी रत्नाबांधा, धमतरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) एवं 103(1) में वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़





