धमतरी पुलिस की बड़ी बैठक: एसपी सूरज सिंह परिहार ने बेसिक पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के दिए कड़े निर्देश
धमतरी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री सूरज सिंह परिहार ने राजपत्रित अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में संसाधनों की बचत को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारियों की जगह केवल राजपत्रित अधिकारियों को शामिल किया गया।
बैठक के दौरान एसपी श्री परिहार ने खात्मा प्रकरणों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए डायरियों के भौतिक सत्यापन और गुम डायरियों की तलाश के लिए न्यायालय व जिला कार्यालयों से समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसिंग की रीढ़ मानी जाने वाली ‘बीट प्रणाली’ को और सक्रिय करने पर जोर दिया, ताकि अधिकारी सीधे ग्रामीणों व वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर सकें। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए उन्होंने शिकायतों पर बिना देरी के त्वरित कार्रवाई करने और नए स्टाफ को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करने की बात कही। इसके साथ ही, पुलिस की सकारात्मक छवि और पारदर्शिता को जनता तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने और सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘सुशासन तिहार’ के तहत आने वाले आवेदनों का संवेदनशीलता से त्वरित निराकरण करने की हिदायत देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा लंबित अपराधों के निपटारे, रात्रि गणना और मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चतुर्वेदी (भा.पु.से.), कुरूद एसडीओपी श्रीमती रागिनी मिश्रा, अजाक/यातायात उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका मरावी, नगरी एसडीओपी श्री विपिन रंगारी और एसजेपीयू उप पुलिस अधीक्षक श्री यशकरण दीप ध्रुव सहित स्टेनो और रीडर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
