डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा। क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में तेज वर्षा के चलते नदी-नाले उफान पर हैं, खेत-खलिहान पानी से लबालब हो गए हैं और कई संपर्क मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।

शहपुरा नगर परिषद क्षेत्र में बारिश के बाद व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। नगर के कई हिस्सों में जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर सीमा में बनाए गए डिवाइडरों के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क के दोनों ओर पानी जमा हो गया है। ऐसे में लोगों को कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है, वहीं फिसलकर गिरने की घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।

वार्ड क्रमांक-1 के समीप डिवाइडर के पास स्थित पुलिया क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिया की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है और समाचार प्रकाशित होने के बाद भी नगर परिषद द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त पुलिया से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

नगर के विभिन्न वार्डों में नालियां गंदगी और कचरे से अटी पड़ी हैं, जिससे बारिश का पानी समय पर नहीं निकल पा रहा है। इससे जलभराव की स्थिति बन रही है। वर्षा पूर्व सफाई अभियान और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के नगर परिषद के दावों पर भी सवाल उठने लगे हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने से रात के समय लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों पर समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया है। नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था, क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत और बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू नहीं कराया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Comments are closed.

Exit mobile version