मुंगेली जिले के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरहट में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (भा.पु.से.) श्री भोजराम पटेल के कड़े निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और 8,650 रुपये नगद बरामद कर लिए हैं।
मामला 22 जुलाई की देर रात का है, जब प्रार्थिया धरमीन बाई और उनके पति नेतराम साहू अपने घर पर थे। तभी मुंह पर कपड़ा बांधे बदमाशों ने चाकू, हंसिया और हथौड़े के बल पर दंपत्ति को डरा-धमकाकर जेवरात व नगदी लूट लिए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने नेतराम साहू के सिर पर वार कर उन्हें घायल भी कर दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती माधुरी धीरही के नेतृत्व में साइबर सेल और लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी और लालपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने व मुखबिर तंत्र की मदद से संदेही सोनू टंडन और देवी टंडन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पीड़िता को बाजार में गहने पहने देखकर रेकी की गई थी। इसके बाद अपने साथी शैलेंद्र टंडन, आर्यन जोशी और चार नाबालिग सहयोगियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.