नीमच। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और युवाओं में बढ़ती नशाखोरी, आपसी विवाद तथा चोरी नकबजनी जैसे अपराधों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक एसपी राजेश व्यास स्वयं भारी पुलिस बल के साथ देर रात सड़कों पर उतरे और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
तीनों तहसीलों में एक साथ चला विशेष अभियान
एसपी के निर्देशन में नीमच, जावद और मनासा तीनों तहसील स्तर पर एक साथ अचानक और प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस की विभिन्न टीमों ने प्रमुख चौराहों, हाईवे और संवेदनशील इलाकों में नाकाबंदी कर देर रात तक गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। इस औचक निरीक्षण से असामाजिक तत्वों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
नशे में वाहन चलाने वालों और नियमों की अनदेखी पर गिरी गाज अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष सख्ती दिखाई
ड्रंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की गई और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त चालानी व जब्ती की कार्रवाई की गई।
काली फिल्म और हूटर पर सख्ती: चौपहिया वाहनों के शीशों पर लगी अवैध काली फिल्म ब्लैक फिल्म को मौके पर ही उतरवाया गया और संबंधित वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। फरार वारंटी गिरफ्तार, मादक पदार्थ भी जब्त सघन चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता भी हाथ लगी। पुलिस टीमों ने लंबे समय से फरार चल रहे कई स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया। इसके साथ ही, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी के दौरान अवैध मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं, जिन पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी राजेश व्यास ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों, नशे के कारोबारियों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

