रायपुर,
एक पुलिसवाला ड्यूटी ऑफ होने के बाद भी ड्यूटी पर ही रहता है
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के यातायात कर्मियों ने अपनी सतर्कता और साहस से जनसुरक्षा की एक मिसाल पेश की है। यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ आरक्षक मोतीलाल लहरे (1644), सैनिक महेश सिंह (105) और सैनिक अशोक शर्मा (135) ने ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्स छीनकर भाग रहे एक शातिर आरोपी को दबोच लिया।
घटना के दौरान एक ट्रक चालक ने पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई थी। तीनों कर्मचारियों ने बिना एक पल गंवाए आरोपी का पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक घातक धारदार चाकू बरामद हुआ।
तत्परता दिखाते हुए तीनों कर्मियों ने आरोपी को गंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया, जहां आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 226/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है।
ड्यूटी पूर्ण करके के बाद भी जनसेवा और सुरक्षा के प्रति इस असाधारण समर्पण के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आरक्षक मोतीलाल लहरे, सैनिक महेश सिंह और सैनिक अशोक शर्मा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







