डोंगरगांव में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, दो तस्करों के साथ शराब और एक्टिवा बरामद
डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करते दो युवकों को दबोचा, एक्टिवा और शराब जब्त
डोंगरगांव: राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार और निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम राजा खुज्जी मार्ग पर घेराबंदी कर एक नीले रंग की एक्टिवा को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी में भरी 34 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
मामले में पुलिस ने ग्राम आरी निवासी नवीन विश्वकर्मा (21 वर्ष) और ग्राम सुखरी निवासी अवेश कुमार धनकर (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 2720 रुपये मूल्य की शराब सहित परिवहन में प्रयुक्त 45 हजार रुपये की एक्टिवा गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि डोंगरगांव पुलिस पिछले दो महीनों में आबकारी एक्ट के तहत अब तक 8 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बृजमोहन यादव और आरक्षक बीसराम वर्मा सहित टीम का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
