डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
रीना राठौर को डिंडौरी सीएमओ का अतिरिक्त प्रभार, शहपुरा की जिम्मेदारी एसडीएम ऐश्वर्या वर्मा को
डिंडौरी। जिले की दोनों नगर परिषदों में चल रहे प्रशासनिक विवादों और व्यवस्थागत चुनौतियों के बीच कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के तहत नगर परिषद शहपुरा की मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) रीना राठौर को नगर परिषद डिंडौरी का अतिरिक्त एवं संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है, जबकि नगर परिषद शहपुरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्या वर्मा को दिया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिला प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से दोनों नगर परिषदों में प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा लंबित समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।
सीएमओ के स्थानांतरण के बाद प्रभावित हो रहे थे कार्य
जानकारी के अनुसार नगर परिषद डिंडौरी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमित तिवारी के स्थानांतरण के बाद उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया था। उनके स्थान पर सहायक ग्रेड-3 आशीष कोरी को चालू कार्यभार सौंपा गया था, लेकिन नियमानुसार उन्हें वित्तीय अधिकार प्राप्त नहीं थे। इसके चलते नगर परिषद के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने लगे थे।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब गुरुवार सुबह नगर परिषद डिंडौरी के सफाई कर्मचारियों ने पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में काम बंद कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों की नाराजगी और प्रभावित हो रही व्यवस्थाओं को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए।
प्रशासनिक हित में लिया गया निर्णय
कलेक्टर ने प्रशासनिक हित को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद शहपुरा की सीएमओ रीना राठौर को अग्रिम आदेश तक नगर परिषद डिंडौरी का संपूर्ण प्रभार सौंप दिया है। इससे वित्तीय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के संचालन में आ रही बाधाएं दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
शहपुरा में जांच के बीच एसडीएम को सौंपी जिम्मेदारी
इधर नगर परिषद शहपुरा में अध्यक्ष और मुख्य नगरपालिका अधिकारी के बीच विवाद को लेकर जिला कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, जबलपुर संभाग द्वारा जांच समिति गठित की गई है।
जांच प्रक्रिया निष्पक्ष और प्रभावित हुए बिना पूरी हो सके, इसे ध्यान में रखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा ऐश्वर्या वर्मा को नगर परिषद शहपुरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जिलेभर में चर्चा का विषय बना फैसला
कलेक्टर द्वारा किया गया यह प्रशासनिक फेरबदल जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासनिक हलकों में इसे नगर परिषदों में बेहतर नियंत्रण, पारदर्शिता और सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि नए प्रभार व्यवस्था से दोनों नगर परिषदों में लंबित कार्यों के निष्पादन और जनहित से जुड़े मामलों के निराकरण में तेजी आएगी।

