डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
27 अक्टूबर से मोहत्तरा और घुसियामाल में होगा आयोजन, उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
डिंडौरी, 24 अक्टूबर। जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और उन्नत भारतीय नस्ल की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित वृद्धावन ग्रामों में होगी। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गायों के पशुपालकों को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये तक की राशि प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए डिंडौरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड करंजिया के वृद्धावन ग्राम मोहत्तरा तथा शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड डिंडौरी के वृद्धावन ग्राम घुसियामाल का चयन किया गया है। योजना का उद्देश्य उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक गायों की पहचान करने के साथ पशुपालकों को बेहतर पशुपालन के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रथम पुरस्कार एक लाख, दूसरे को 50 हजार
प्रतियोगिता में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों को निर्धारित क्रम के अनुसार पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
योजना के माध्यम से गिर, साहीवाल, थारपारकर सहित अन्य उन्नत अधिसूचित स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही पशुपालकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित कर चयनित वृद्धावन ग्रामों को दुग्ध उत्पादन और देशी पशुधन संवर्धन के आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
छह लीटर या अधिक दूध देने वाली गायें होंगी पात्र
प्रतियोगिता में संबंधित वृद्धावन ग्रामों के इच्छुक एवं पात्र पशुपालक भाग ले सकेंगे। इसके लिए पशुपालक के पास भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय होना आवश्यक है, जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन कम से कम छह लीटर हो। पात्र पशुपालकों की गायों का पंजीयन कर प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।
प्रतियोगिता के दौरान गायों के तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर उत्पादन का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में सर्वाधिक औसत दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों को विजेता घोषित कर निर्धारित पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर
गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के जरिए पशुपालकों को उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालन, बेहतर पशु प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को लाभकारी गतिविधि बनाने, पशुपालकों की आय बढ़ाने और जिले में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
